{"type":"rich","version":"1.0","provider_name":"Transistor","provider_url":"https://transistor.fm","author_name":"Pratidin Ek Kavita","title":"Nahi Dikhegi Ma | Vishwanath Prasad Tiwari","html":"<iframe width=\"100%\" height=\"180\" frameborder=\"no\" scrolling=\"no\" seamless src=\"https://share.transistor.fm/e/76842304\"></iframe>","width":"100%","height":180,"duration":184,"description":"नहीं दिखेगी माँ | विश्वनाथ प्रसाद तिवारी \n\nनहीं दिखेगी माँ\nफिर कभी इस रूप में\nभोर होगा भिनुसार\nचिरैया एक बोलेगी\nतिलक चढ़ेगा यज्ञोपवीत\nहोगा कन्यादान\nबस माँ नहीं होगी\nपराती गाने के लिए\nघिरेगी संझा\nचौखट पर जलेगा दीया\nआकाश में उगेंगे चंदामामा\nबस माँ नहीं होगी\nउन्हें दूध-भात खिलाने के लिए\nबरसेंगी रातें आँगन में झमाझम\nधूप में धू- धू जलेगा गाँव\nचलेंगी पुरवा और पछुआ हवाएँ\nमृग की आँखों-सी चमकेगी बिजली\nउत्तर के आकाश में\nदरवाज़े पर ताज़िया लाएँगे गाँव के लोग \nफुलझड़ियाँ छोड़ेंगे बच्चे\nआएगी दीवाली\nबनेगी अल्पना तुलसी के चौरे पर\n\nबस माँ नहीं होगी\nजम का एक दीया\nघर के बाहर निकालने के लिए\nफूल खिलेंगे माँ के लगाए हुए कोले में\nबच्चे स्कूल जाएँगे\nपीठ पर बस्ते\nऔर बस्ते में अमावट छिपाए हुए\nडाकुओं का हल्ला होगा आधी रात\nतनेंगी लाठियाँ\nसियार रोएँगे खेतों में\nआएँगे भरथरी गाने वाले रमता जोगी\nगाएँगे रानी पिंगला के गीत\nबस माँ नहीं होगी\nउन्हें भिक्षा देने के लिए\nतोता फड़फड़ाएगा पिंजड़े में\nथाली में लड़ेंगी बिल्लियाँ\nदिखेंगे नागपंचमी के साँप\nदशहरे के नीलकंठ\nक्वार के खंजन\nबस माँ नहीं दिखेगी\nफिर कभी इस रूप में ।","thumbnail_url":"https://img.transistorcdn.com/CI1fAMbZA7bkv2hnc9u5BTEVfgUAS1MWnukNGfD53r4/rs:fill:0:0:1/w:400/h:400/q:60/mb:500000/aHR0cHM6Ly9pbWct/dXBsb2FkLXByb2R1/Y3Rpb24udHJhbnNp/c3Rvci5mbS9zaG93/LzQwNDQzLzE2ODA1/MzYzNTQtYXJ0d29y/ay5qcGc.webp","thumbnail_width":300,"thumbnail_height":300}