{"type":"rich","version":"1.0","provider_name":"Transistor","provider_url":"https://transistor.fm","author_name":"Pratidin Ek Kavita","title":"Selfi | Anamika","html":"<iframe width=\"100%\" height=\"180\" frameborder=\"no\" scrolling=\"no\" seamless src=\"https://share.transistor.fm/e/84c2f899\"></iframe>","width":"100%","height":180,"duration":286,"description":"सेल्फी | अनामिका \n\nमाएरी मैं तो गोविंद लीनों मौल\nचित्तौड़ के एक लिपे-पुते दालान में \nमुझे मिल गई मीरा बाई \nगोविंद को तौलतीं \nएक विराट से तराज़ू पर \nजो है आदमी का मन \nडोलता ही रहता है हमेशा \nऔर कभी एकाद पल संतुलित होकर\nफिर से झुक जाता है एक तरफ \nबेचारगी में\n\nमीराबाई को मगन देखकर \nमेरे मन में यह अचानक जगा \nकि मैं सेल्फ़ी लूँ\nइधर मेरे बच्चों ने मुझे एक मोबाइल दी थी \nऔर सिखाया था मनोयोग से \nकि कैसे लेते हैं सेल्फ़ी\n\nलेकिन यह गुर मैंने कभी आजमाया नहीं था \nक्योंकि मेरे पल्ले बात ही नहीं पड़ती थी \nकि सेल्फ का दायरा इतना टुन्ना मुन्ना भी हो सकता है\nजो एक क्लिक में समा जाए\n\nखुद फ़रीद बाबा कबीर और मीरा ने\nमुझको सिखाया था यही सदा \nकि आदमी के विराट सेल्फ में \nपूरा ब्रह्मांड है समाया \nएक साथ इसमें समाए हैं \nबूंद और समुद्र, पहाड़ और चींटी\nयह दुनिया वह दुनिया जंगल की वीथियाँ\nसूरज चंदा यह उनचास पवन \nबादल-बिजली, माटी, आकाश, पानी, गगन \nएक क्लिक में सब समाएगा कैसे\nसुनी सुनाई बात भी इसको मानें अगर \nइतना तो आखिर देखी है न \nकि मेरा यह वजूद खासा छितराइन छरिया और घनचक्कर है\nइतनी जल्दी वह पकड़ में नहीं आएगा \nमैं जन्मों से एक धुनिया हूँ \nधुनती ही रहती हूँ नाक\nमेरे वजूद की कोठरिया में \nदुविधाएँ फैली हैं\nधुनी हुई रुई की तरह\n\nनीरस, बेरंग, विपुल विस्तार \nधुनी हुई रूई का, यही है मेरा वजूद \nएक तो समाएगा नहीं एक क्लिक में \nफिर इसमें ऐसा क्या है आँकने लायक  \nयही सब समझाती खुद को रही \nऔर कभी खीचीं नहीं सेल्फ़ी \nलेकिन उस दिन जब दिखीं मीराबाई \nतो मुझको सूझा मैं ले ही लूँ\nमीराबाई के संग अपनी भी सेल्फ़ी\nमैं उनसे सट कर खड़ी हो गई \nकंधे पर मैंने झुकाया ज़रामा था \nपर जब दुलार से छुआ मुझको मीरा ने \nमैं तो बस भूल ही गई \nकि क्या करने मैं यहाँ आई थी \nसदियों के मेरी थकान \nमुआवज़ा माँगने आ गई\nऔर मैं सो ही गई उनके कंधे पर \nसेल्फ़ी वेल्फ़ी भूलकर","thumbnail_url":"https://img.transistorcdn.com/CI1fAMbZA7bkv2hnc9u5BTEVfgUAS1MWnukNGfD53r4/rs:fill:0:0:1/w:400/h:400/q:60/mb:500000/aHR0cHM6Ly9pbWct/dXBsb2FkLXByb2R1/Y3Rpb24udHJhbnNp/c3Rvci5mbS9zaG93/LzQwNDQzLzE2ODA1/MzYzNTQtYXJ0d29y/ay5qcGc.webp","thumbnail_width":300,"thumbnail_height":300}