{"type":"rich","version":"1.0","provider_name":"Transistor","provider_url":"https://transistor.fm","author_name":"Pratidin Ek Kavita","title":"Hidayatein | Babusha Kohli ","html":"<iframe width=\"100%\" height=\"180\" frameborder=\"no\" scrolling=\"no\" seamless src=\"https://share.transistor.fm/e/b1a68042\"></iframe>","width":"100%","height":180,"duration":238,"description":"हिदायतें | बाबुषा कोहली\n\nउस आदमी से सहानुभूति रखना \nजो ख़राब कविताएँ लिखता है \nकविता, हर हाल में जिजीविषा का प्रतीक है \nइसे तुम इस तरह सोचना \nकि इस ख़तरनाक समय में कमस्कम वह जीना तो चाहता है \n\nउस आदमी पर मत हँसना \nजो दिशाओं को इतना ही जान पाया हो \nजितना कि मोबाइल स्क्रीन के चार कोने \nदरअसल, वह इस बात की संभावना है \nकि किसी ऐसे ग्रह में भी जीवन संभव है जहाँ पानी न हो \n\nउस आदमी को शुक्रिया कहना जिसने तुम्हें धक्का मार दिया था \nतुम औंधे मुँह गिर भी सकते थे \nलेकिन ज़मीन पर धप्प् से गिरने की बजाय \nसाफ़ सुनाई देती है आसमान पर तुम्हारे पंखों की फड़फड़ाहट \n\nउसके पास अपना वक़्त ख़र्च करना जो तुम्हारा इंतज़ार करता हो \nएक दिन जान तुम जाओगे कि उसके अलावा \nइस धरती पर किसी को तुम्हारी ज़रूरत नहीं है \nचाहे कितने ही धब्बे क्यों न हों \nदेह से भी पहले प्रेमी के सामने अपनी आत्मा निर्वस्त्र करना \nदुनिया को किसी बच्चे की नज़र से देखना \nआँखें केवल सोने के लिए मत मूँदना \nनदियों से एक संगीतकार की तरह मिलना \nबुद्धिजीवी सेना का सामना करने के पहले मौन का कवच पहन लेना \nबुद्धिमान के पास प्रश्नों के साथ जाना \nबुद्धू के पास प्यार लेकर जाना \nबुद्ध के पास नींद में चलते हुए जाना \nमृत्यु जब आए तो उसे जागते हुए मिलना \n\nभीड़ है बाज़ार में \nचमकीले जीवन का हर यंत्र उपलब्ध है \nचाक़ू है, चम्मच है, चाभी है \nचाँदी है, चंदन है, चादर है \nकितने ही रंगों के धागे हैं \nचोरी की चिंदी है \n\nकम्बख़्त! एक सुई नहीं मिलती \nजो आत्मा के मांस पर ठक्क्क्क से चुभ जाए \nअदृश्य के लहू का क़तरा है आँसू \nदुनिया-जहान में सूखा पड़ा है \n\nसुई गुम गई है \n\nसो आख़िरी हिदायत \nकोठरी में गुमी सुई को बाज़ार में मत ढूँढ़ना ","thumbnail_url":"https://img.transistorcdn.com/CI1fAMbZA7bkv2hnc9u5BTEVfgUAS1MWnukNGfD53r4/rs:fill:0:0:1/w:400/h:400/q:60/mb:500000/aHR0cHM6Ly9pbWct/dXBsb2FkLXByb2R1/Y3Rpb24udHJhbnNp/c3Rvci5mbS9zaG93/LzQwNDQzLzE2ODA1/MzYzNTQtYXJ0d29y/ay5qcGc.webp","thumbnail_width":300,"thumbnail_height":300}