{"type":"rich","version":"1.0","provider_name":"Transistor","provider_url":"https://transistor.fm","author_name":"Pratidin Ek Kavita","title":"Main Kiski Aurat Hun | Savita Singh","html":"<iframe width=\"100%\" height=\"180\" frameborder=\"no\" scrolling=\"no\" seamless src=\"https://share.transistor.fm/e/c74910d1\"></iframe>","width":"100%","height":180,"duration":189,"description":"मैं किसकी औरत हूँ ।  सविता सिंह\n\nमैं किसकी औरत हूँ\nकौन है मेरा परमेश्वर\nकिसके पाँव दबाती हूँ\nकिसका दिया खाती हूँ\nकिसकी मार सहती हूँ...\nऐसे ही थे सवाल उसके\nबैठी थी जो मेरे सामनेवाली सीट पर रेलगाड़ी में\nमेरे साथ सफ़र करती\n\nउम्र होगी कोई सत्तर-पचहत्तर साल\nआँखें धँस गई थीं उसकी\nमांस शरीर से झूल रहा था\nचेहरे पर थे दुख के पठार\nथीं अनेक फटकारों की खाइयाँ\n\nसोचकर बहुत मैंने कहा उससे\n‘मैं किसी की औरत नहीं हूँ\nमैं अपनी औरत हूँ\nअपना खाती हूँ\nजब जी चाहता है तब खाती हूँ\nमैं किसी की मार नहीं सहती\nऔर मेरा परमेश्वर कोई नहीं'\n\nउसकी आँखों में भर आई एक असहज ख़ामोशी\nआह! कैसे कटेगा इस औरत का जीवन!\n\nसंशय में पड़ गई वह\nसमझते हुए सभी कुछ\nमैंने उसकी आँखों को अपने अकेलेपन के गर्व से भरना चाहा\nफिर हँसकर कहा ‘मेरा जीवन तुम्हारा ही जीवन है\nमेरी यात्रा तुम्हारी ही यात्रा\nलेकिन कुछ घटित हुआ जिसे तुम नहीं जानतीं-\nहम सब जानते हैं अब\nकि कोई किसी का नहीं होता\nसब अपने होते हैं\nअपने आप में लथपथ-अपने होने के हक़ से लक़दक़'\n\nयात्रा लेकिन यहीं समाप्त नहीं हुई है\nअभी पार करनी हैं कई और खाइयाँ फटकारों की\nदुख के एक दो और समुद्र\nपठार यातनाओं के अभी और दो चार\nजब आख़िर आएगी वह औरत\nजिसे देख तुम और भी विस्मित होओगी\nभयभीत भी शायद\nरोओगी उसके जीवन के लिए फिर हो सशंकित\nकैसे कटेगा इस औरत का जीवन फिर से कहोगी तुम\nलेकिन वह हँसेगी मेरी ही तरह\nफिर कहेगी—\n‘उन्मुक्त हूँ देखो,\nऔर यह आसमान\nसमुद्र यह और उसकी लहरें\nहवा यह\nऔर इसमें बसी प्रकृति की गंध सब मेरी हैं\n\nऔर मैं हूँ अपने पूर्वजों के शाप और अभिलाषाओं से दूर\nपूर्णतया अपनी'","thumbnail_url":"https://img.transistorcdn.com/CI1fAMbZA7bkv2hnc9u5BTEVfgUAS1MWnukNGfD53r4/rs:fill:0:0:1/w:400/h:400/q:60/mb:500000/aHR0cHM6Ly9pbWct/dXBsb2FkLXByb2R1/Y3Rpb24udHJhbnNp/c3Rvci5mbS9zaG93/LzQwNDQzLzE2ODA1/MzYzNTQtYXJ0d29y/ay5qcGc.webp","thumbnail_width":300,"thumbnail_height":300}