{"type":"rich","version":"1.0","provider_name":"Transistor","provider_url":"https://transistor.fm","author_name":"Pratidin Ek Kavita","title":"Lok Jagat Ka Ladka | Devansh Ekant ","html":"<iframe width=\"100%\" height=\"180\" frameborder=\"no\" scrolling=\"no\" seamless src=\"https://share.transistor.fm/e/e72cf0ba\"></iframe>","width":"100%","height":180,"duration":195,"description":"लोक जगत का लड़का | देवांश एकांत\n\nलगभग देहात और लगभग बीहड़ के बीच से\nवह लगभग क़स्बा आया था\nऔर उसे यह क़स्बा\nलगभग से आगे बढ़\nपूरा का पूरा शहर लगा था\nउसकी आँखों में\nबल्ब का प्रतिबिम्ब\nअसल रोशनी से अधिक जगमगाया\nमेज़ पर रखा कम्प्यूटर देख स्टीव जॉब्स\nया बिल गेट्स भी इतना उत्साहित न हुए होंगे\nजितना वह हो गया था न्योछावर\nशीशे पर अक्षरों और चित्रों को उड़ते देख\nगाड़ी के इंजन की ध्वनि सुन\nउसके भीतर की प्रणालियाँ चल पड़तीं\nवह दौड़ता हुआ गेट पर टंग जाता\nजब तक गाड़ी न जाती, वह भी न जाता\nऔर समूचे दृश्य में\nवह खुद एक गेट हो जाता\nजीवन के दो वर्गों के बीच\nबोली में पत्थर और पहनावे से धूसर\nउसकी आँखों में अचरज नदी की तरह बहता\nमिट्टी के मकान से आया वह मिट्टी सा लड़का\nहवा की नींव में जड़ों सा फैल जाता\nउसकी हँसी में\nपगडंडियों पर घूमते टायर जैसा असंतुलन था\nडंडे की मार से उड़ी गिल्ली सा उच्छल पन था\nचाल में नवजात बछड़े सी फुर्ती थी\nबातों में अमर बेल सी जटिलता\nगिलहरी सी तेज़ी जवाबों में\nक़िस्सों में देहाती मसखरी थी\nबूढ़ों की खैनी बीड़ी थी\nकिशोरों की चुहल थी\nफसलों की सिंचाई थी\nत्योहारों के गीत थे\nसमूचा जगत था आसपास\nउसके होने से\nनहीं था तो वह स्वयं परिणत\nअपने उस लोक को\nअपनी दुनिया की खपरैल से फाँदता आ पहुँचा था\nइस दूसरी दुनिया की दहलीज़ तक\nजाना नही चाहता था वह वापस\nउसकी विनत आँखें तत्पर थीं\nहर सम्भव कोशिश को\nकरा लेते चाहे जो भी काम\nन भी होते वाजिब दाम\nबस रहना था उसे\nतथाकथित ‘नगर’ में\nअंतिम दिन उसकी चाल में\nदिखा था अभाव सदियों का\nमुड़-मुड़ कर देखता रहा वह\nहाय जो रुक न सका !\nबेमन लौटी उसकी भंगिमा\nअब भी है मेरे भीतर\nदौड़ती कूदती हँसती चिल्लाती\nकई अबूझ प्रश्न पूछती\nफिर कहीं छिप-छिप जाती ।","thumbnail_url":"https://img.transistorcdn.com/CI1fAMbZA7bkv2hnc9u5BTEVfgUAS1MWnukNGfD53r4/rs:fill:0:0:1/w:400/h:400/q:60/mb:500000/aHR0cHM6Ly9pbWct/dXBsb2FkLXByb2R1/Y3Rpb24udHJhbnNp/c3Rvci5mbS9zaG93/LzQwNDQzLzE2ODA1/MzYzNTQtYXJ0d29y/ay5qcGc.webp","thumbnail_width":300,"thumbnail_height":300}