उनके बाथरूम में । ज्ञानेन्द्रपति उनके बाथरूम में वाशबेसिन के ऊपर लगे आईने की छाँव में रखे हैं दो टूथब्रश एक लम्बूतरे प्याले में बस माथ-भर दिखते मुँह से मिलाए मुँह दो टूथब्रश जिस घनिष्ठता का वे एक छायाचित्र हैं वह पिचकी हुई ट्यूब में चिपकी हुई टूथपेस्ट-सी बस ज़रा-सी बची है उनके मुँह भूल गए हैं चूमना एक-दूसरे को उन दोनों के मुँह दोमुँहेँ हो गए हैं धीरे-धीरे बेडरूम में और, ड्राइंगरूम में और वहाँ, बाथरूम में वाशबेसिन के ऊपर, आईने के छाँव-तले एक लम्बूतरे प्याले में रखे उनके टूथब्रश माथ-भर दिखते एक-दूसरे के गले लगे खड़े हैं अफसोस से भरे आईना उनके अफसोस को दुगना कर रहा है ।