कवितायेँ जहाँ जी चाहे वहाँ रहती हैं- कभी नीले आसमान में, कभी बंद खिड़कियों वाली संकरी गली में, कभी पंछियों के रंगीन परों पर उड़ती हैं कविताएँ, तो कभी सड़क के पत्थरों के बीच यूँ ही उग आती हैं। कविता के अलग अलग रूपों को समर्पित है, हमारी पॉडकास्ट शृंखला - प्रतिदिन एक कविता। कीजिये एक नई कविता के साथ अपने हर दिन की शुरुआत।
कोना । प्रिया जोहरी 'मुक्तिप्रिया’
वो
कोना था
मेरे जीवन का,
एक गहरा,
सकरा,
फिर भी विस्तृत-
इतना कि उसमें
पूरा जीवन समा जाए।
समा जाएँ
मेरी हर तकलीफ,
हर रंज,
हर तंज।
उस कोने में बैठकर
लिख सकती हूँ
अनगिनत प्रेम-पत्र,
पढ़ सकती हूँ
मन की दो किताबें,
तोड़ सकती हूँ
कई गुलाब,
और गूँथ सकती हूँ
एक फूलों की माला।
महसूस कर सकती हूँ
नदी का तेज,
ताज़ी हवा का हर झोंका।
देख सकती हूँ.
हथेली पर रखा
एक सफेद मोती,
जो किसी चमत्कार सा
चमकता है।
सजा सकती हूँ
बालों में
गुलमोहर की लट,
महक सकती हूँ
एक अनछुई
खुशबू सी।
खिल सकती हूँ
यूँ जैसे
अभी-अभी
कोई ताज़ा कमल
खिला हो।